हिमाचल में दिन के तापमान में उछाल, शिमला 18 डिग्री के पार
शिमला, 16 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम के बीच दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई इलाकों में फरवरी के मध्य में ही मौसम अपेक्षाकृत गर्म महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार राज्य का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जबकि राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से करीब 5.2 डिग्री ज्यादा है।
प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी दिन के तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। ऊना में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा, जबकि मंडी में 26.2 डिग्री, कांगड़ा में 25.5 डिग्री, सुंदरनगर और बरठीं में 25.1 डिग्री, भुंतर में 25.0 डिग्री, नाहन और सोलन में 24.0 डिग्री, धर्मशाला में 22.0 डिग्री तथा मनाली में 17.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जुब्बड़हट्टी में अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री, कसौली में 17.2 डिग्री, कल्पा में 15.2 डिग्री, नेरी में 27.4 डिग्री और ताबो में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान में यह बढ़ोतरी पिछले कुछ दिनों से जारी शुष्क मौसम और साफ आसमान के कारण हो रही है। रात के तापमान की बात करें तो कई स्थानों पर अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री, सुंदरनगर में 6.2 डिग्री, भुंतर में 5.0 डिग्री, धर्मशाला में 7.0 डिग्री, ऊना में 7.8 डिग्री, नाहन में 9.8 डिग्री, सोलन में 4.2 डिग्री, मनाली में 2.2 डिग्री, मंडी में 7.2 डिग्री और कांगड़ा में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड ज्यादा बनी हुई है, जहां कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 8.6 डिग्री और ताबो में माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा देहरा गोपीपुर में 12.0 डिग्री, पांवटा साहिब में 10.0 डिग्री, नेरी में 11.4 डिग्री, बरठीं में 5.5 डिग्री और कसौली में 8.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और 22 फरवरी तक बारिश या बर्फबारी की कोई व्यापक संभावना नहीं है। हालांकि 18 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, लेकिन इसका असर सीमित क्षेत्रों तक ही रहने का अनुमान है। विभाग के जिला स्तर के चेतावनी बुलेटिन के अनुसार फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।