खाद्य सुरक्षा टीम की गैंजी कस्बे में औचक कार्रवाई, एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट
डूंगरपुर, 19 फरवरी । डूंगरपुर जिले के गैंजी कस्बे में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन खान के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से कस्बे के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।
टीम ने कोल्ड ड्रिंक विक्रेताओं, पान मसाला दुकानों, किराना स्टोर्स तथा मिष्ठान भंडारों पर सघन जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर नष्ट करवाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जांच अभियान के तहत टीम ने जोधपुर मिष्ठान भंडार सहित कस्बे की प्रमुख दुकानों पर दबिश दी। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की बारीकी से जांच की गई। कई दुकानों पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड फूड पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से जब्त कर नष्ट किया गया। इस दौरान व्यापारी संगठन के अध्यक्ष अनिल जैन तथा व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी गर्मी के मौसम और पेय पदार्थों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन खान ने व्यापारियों को विशेष चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान कोल्ड ड्रिंक और अन्य शीतल पेय पदार्थों की खपत बढ़ जाती है, ऐसे में केवल वैध और ताजा स्टॉक ही बिक्री के लिए रखा जाए। दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार एक्सपायरी या मिलावटी सामान बेचते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के पश्चात टीम ने स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी दी और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में भंवर लाल कलाल, उमेश कलाल, प्रकाश कलाल, मोहित कलाल, कल्पेश कुमार जैन, मुकेश कुमार जैन सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी औचक निरीक्षण किए जाएंगे। विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथियों की जांच शुरू कर दी है।