News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

करोड़ों रूपए कीमत की जमीन को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कराया अतिक्रमण मुक्त

नोएडा, 05 फ़रवरी । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर के डूूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण का बुलडोजर चला और करीब 18 हजार वर्ग मीटर एरिया पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि परियोजना व भूलेख विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। काॅलोनाइजर प्लाॅटिंग कर अवैध कालोनी बसाने के फिराक में थे। एसीईओ ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई जारी रहेगी।

एसीईओ ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। दरअसल, रोहिल्लापुर के खसरा संख्या 22 व 33 की करीब 18000 वर्ग मीटर जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में है। यह प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में है। कुछ कालोनाइजर डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण कर कालोनी काटने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 3 की टीम ने पुलिस के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम के नेतृत्व में प्रबंधक लव शंकर भारती व टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में बुलडोजर से करीब दो घंटे की कार्रवाई में इसे ध्वस्त कर दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि डूब क्षेत्र में प्लाटिंग होने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पिछले 15 दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ पांच बड़ी कार्रवाई की है।

Leave a Reply