विराट हिंदू सम्मेलन से पूर्व शहर में निकली कलश यात्राएं और भगवा रैलियां
जयपुर, 07 फ़रवरी । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी जयपुर की करीब डेढ़ दर्जन बस्तियों में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलनों की पूर्व संध्या पर शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्राएं, भगवा रैलियां, प्रभातफेरियां एवं जनसंपर्क यात्राओं के माध्यम से व्यापक जनजागरण और शक्ति प्रदर्शन किया गया।मानसरोवर स्थित प्रताप बस्ती में भारत माता पार्क में होने वाले सम्मेलन से पहले गायत्री मंदिर से मातृशक्ति द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज जागरण और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हनुमान चालीसा एवं गायत्री मंत्र के संगीतमय पाठ होंगे। इसी क्रम में ढेहर का बालाजी स्थित परशुराम बस्ती, विजयबाड़ी बस्ती (सीकर रोड), बजरंग द्वार बस्ती (झोटवाड़ा), मानसरोवर–गणेश कॉलोनी–बोहरा का बास, प्रताप नगर सेक्टर-26, बैनाड़, ब्रह्मपुरी, कृष्णपोल, किशनपोल बाजार एवं सी-स्कीम सहित अनेक क्षेत्रों में विराट हिंदू सम्मेलन होंगे। इन क्षेत्रों में शनिवार को भगवा वाहन रैली और कलश यात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने भाग लिया।सम्मेलनों में एकात्मकता यज्ञ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बौद्धिक सत्र, हनुमान चालीसा पाठ, भारत माता आरती, प्रतिभा सम्मान समारोह एवं भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित कर सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के विचारों को मजबूत करना है।