News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

झज्जर : स्पा की आड़ में चल रहे अवैध लिंग जांच धंधे का पर्दाफ़ाश, दो गिरफ्तार

झज्जर, 06 फ़रवरी । दिल्ली व झज्जर की संयुक्त पीएनडीटी टीम ने अवैध लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह धंधा स्पा की आड़ में चलाया जा रहा था। मामले का खुलासा शुक्रवार को जिला सिविल सर्जन डॉ मंजू कादियान ने किया।

स्वास्थ्य विभाग झज्जर के अधिकारियों को झज्जर को सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली के संतगढ़ में रोमा नामक महिला द्वारा स्पा की आड़ में झज्जर व आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं के भ्रूण का अवैध रूप से लिंग निर्धारण कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला समुचित प्राधिकरण झज्जर के निर्देशानुसार डॉ. संदीप कुमार (नोडल अधिकारी), डॉ. बसंत कुमार दुबे व डॉ. नेहा आदि की एक विशेष टीम बनाई गई। झज्जर पुलिस के कर्मचारी भी अभियान में शामिल रहे।

योजना के तहत एक गर्भवती महिला और सुरेंद्र नामक व्यक्ति को नकली पति के रूप में प्रलोभन ग्राहक बनाया गया। सुरेंद्र ने रोमा (टाउट) से मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर लिंग जांच की डील तय की। जिसमें कुल डेढ लाख की मांग की गई। एक लाख अग्रिम और शेष 50 हजार रुपये जांच के बाद देने की बात कही गई।

डॉ. मंजू ने बताया कि गत पांच फरवरी की सुबह झज्जर टीम प्रलोभन ग्राहक को लेकर दिल्ली पहुंची, जहां वेस्ट दिल्ली की टीम भी अभियान में शामिल हो गई। दोनों टीमों ने प्रलोभन ग्राहक को एक लाख रुपये के नंबरयुक्त नोट उपलब्ध दिए। प्रलोभन ग्राहक स्पा में पहुंचे, जहां रोमा ने नगद राशि प्राप्त की। कुछ समय बाद कुलदीप नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से स्पा पहुंचा और अंदर जाकर अल्ट्रासोनिक फिटल डॉपलर मशीन की सहायता से गर्भ की जांच की। जांच के उपरांत कुलदीप ने रिपोर्ट सामान्य बताते हुए गर्भपात न कराने की सलाह दी, जबकि उसकी सहयोगी राखी ने लड़का होने की पुष्टि की।

जांच के बाद कुलदीप मशीन को टी-शर्ट में छिपाकर बाहर निकलने लगा, तभी पीएनडीटी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उसके कब्जे से डॉपलर मशीन बरामद कर ली। इसके बाद दोनों टीमों ने कुलदीप और रोमा से विस्तृत पूछताछ की। तलाशी के दौरान रोमा के कब्जे से प्रलोभन ग्राहक द्वारा दिए गए एक लाख रुपये भी बरामद किए गए। दिल्ली के तिलक नगर थाना की पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों आरोपी रोमा व कुलदीप को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

Leave a Reply