सोनीपत में फायर कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन कर मंत्री का पुतला फूंका
पुतला दहन कर रोष जताया और सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों
का कहना था कि उद्योग मंत्री द्वारा दिया गया बयान पूरे अग्निशमन विभाग का अपमान है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री ने कर्मचारियों पर कार्यालय में ताश खेलने और
जरूरत के समय फायर ब्रिगेड के टायर पंचर होने जैसी टिप्पणियां कीं, जो पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना,
अपमानजनक और तथ्यों से परे हैं। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और अग्निशमन विभाग कर्मचारी
यूनियन ने इन बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि
समय रहते मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान राजा भाई ने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों
की मांगों की अनदेखी करती रही, तो 12 फरवरी को राष्ट्रीयव्यापी हड़ताल की जाएगी। उन्होंने
बताया कि इस दिन देशभर में कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे और चक्का जाम कर सरकार को चेताया
जाएगा।
प्रदर्शन
की अध्यक्षता फायर विभाग यूनियन के जिला प्रधान राजीव खत्री ने की, जबकि मंच संचालन
इकाई प्रधान भारत कंडेरा द्वारा किया गया। नेताओं ने कर्मचारियों से एकजुट रहने और
संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। प्रदर्शन में अग्निशमन विभाग, नगर पालिका और सफाई
कर्मियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।