लद्दाख के छात्रों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, एसईआरयू प्रतिनिधि हरियाणा के लिए रवाना
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रकल्प क्षेत्रीय समझ में छात्र अनुभव (एसईआरयू) के आयोजित राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा के अंतर्गत लद्दाख से आये हुए प्रतिनिधियों को अभाविप दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हरियाणा के लिए रवाना किया। 26 फरवरी को शुरू हुई इस यात्रा का समापन 10 मार्च को लेह में होगा। इस दौरान वे दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू के शहरों में स्थानीय परिवारों के साथ रहेंगे ताकि संस्कृतियों का आदान-प्रदान हो सके।
अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ये राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा जिस उद्देश्य के साथ शुरू की गई उसको पूरा करने में सफल रहा मात्र तीन दिनों में ही प्रतिनिधियों का भावनात्मक लगाव मेजबान परिवारों से हो गया। छात्रों ने कहा कि अब हमारा एक घर दिल्ली में भी है जहां हम बेझिझक आकर रह सकते है। राष्ट्रीय एकता की दिशा में ये यात्रा काफी अहम कदम है। तीन दिन एकसाथ बिताने के बाद अभाविप दिल्ली के कार्यकर्ताओं के साथ भी वे काफी घुल मिल गए है।
सार्थक शर्मा ने कहा कि पिछले तीन दिनों से 30 प्रतिनिधियों का समूह दिल्ली में था। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर भ्रमण करते हुए उन स्थलों के महत्व को समझा। पहले दिन इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत के बाद प्रतिनिधियों ने दिल्ली विधानसभा का भ्रमण किया जहां विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें दिल्ली विधानसभा के इतिहास से परिचित कराया। इसके उपरांत अभाविप नीत दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के पदाधिकारियों द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रांगण में प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया और दिल्ली विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक कोठरी का भ्रमण कराया जिसमें स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भगत सिंह को बंदी बनाकर रखा गया था। इसके बाद मेजबान परिवारों से परस्पर संवाद के उपरांत वे परिवारों में रहने हेतु गए।
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को प्रतिनिधियों ने संसद भवन और प्रधानमंत्री संग्रहालय के भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने लोकसभा और राज्यसभा के लोकतांत्रिक मूल्यों को समझा। भ्रमण के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग मंत्रालय जितेंद्र सिंह से संवाद सत्र रहा। इस दौरान मंत्री ने उनके भविष्य से संबंधित विषयों पर एक सार्थक चर्चा की। संवाद के उपरांत सभी प्रतिनिधि अक्षरधाम मंदिर गए जहां उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत का दर्शन किया और लाईट शो का आनंद लिया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली पड़ाव के आखिरी दिन सभी प्रतिनिधि ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ संवाद किया। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने लिए अभाविप का ये कदम काफी उल्लेखनीय है। इस प्रकार के कार्यक्रम से संस्कृति के प्रचार-प्रसार के माध्यम है। संवाद के उपरांत सभी प्रतिनिधि दिल्ली मेट्रो का लुफ्त उठाते हुए गुरुग्राम के लिए रवाना हुए।
उल्लेखनीय है कि, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष 1990 से लद्दाख में सक्रिय रूप से कार्यरत है। अभाविप का उद्देश्य लद्दाख के छात्रों को संपूर्ण भारत की संस्कृति से परिचित कराना एवं उनकी स्थानीय संस्कृति को देशभर में प्रचारित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, वर्ष 1991 में क्षेत्रीय समझ में छात्र अनुभव (एसईआरयू) यात्रा की शुरुआत की गई। इस यात्रा के अंतर्गत लद्दाख के छात्रों को देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण हेतु भेजा जाता है, जहां उन्हें स्थानीय परिवारों के साथ ठहराया जाता है। यह यात्रा लद्दाख के युवाओं को भारत की विविध लोक-परंपराओं और सामाजिक संरचना को समझने का अवसर प्रदान करती है।
————–