शिमला : पत्नी को मृत बताकर रचाई शादी, दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर
शिमला, 16 फ़रवरी । सोशल मीडिया के जरिए बढ़ती दोस्ती और रिश्तों के बीच धोखाधड़ी के मामलों में एक और मामला शिमला में सामने आया है। राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र की 37 वर्षीय महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में महिला पुलिस थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने महिला थाना शिमला में शिकायत दी है कि उसकी मुलाकात फरवरी 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से राजदीप सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और उसकी एक बेटी है। महिला ने भी आरोपी को अपने बारे में सब कुछ बताया।
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद राजदीप सिंह ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया। अपनी और अपनी बेटी के भविष्य को देखते हुए उसने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। शिकायत के अनुसार 25 जुलाई 2025 को आरोपी ने जालंधर के एक चर्च में उससे शादी की। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ अलग-अलग स्थानों पर लेकर गया। इनमें पटियाला की पावर कॉलोनी, मॉडल टाउन, राजपुरा का इस्लामपुर और अंबाला कैंट शामिल हैं।
महिला का आरोप है कि इन सभी स्थानों पर आरोपी ने उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया। दिसंबर 2025 में उसे पता चला कि आरोपी की पत्नी जीवित है और दोनों के बीच तलाक भी नहीं हुआ है। जब उसने इस बारे में आरोपी से सवाल किया तो उसने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना शिमला ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m), 351(2) और 352 के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण शिमला के एक अस्पताल में कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार चूंकि कथित घटनाएं मुख्य रूप से पंजाब के पटियाला और आसपास के क्षेत्रों में हुई हैं, इसलिए यह जीरो एफआईआर संबंधित थाना डिवीजन-4, जिला पटियाला (पंजाब) को भेजी जाएगी। संबंधित थाने को इस संबंध में टेलीफोन और ईमेल के जरिए भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच संबंधित थाना क्षेत्र में की जाएगी।