कैथल : अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, विकसित हो रहे निर्माण किए ध्वस्त
कैथल, 18 फ़रवरी । जिला प्रशासन और जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कॉलोनाइजेशन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई अमल में लाई। अर्बन एरिया के अंतर्गत आने वाली राजस्व संपदा पट्टी कायस्थ सेठ और पट्टी चौधरी में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर जेसीबी मशीनों से तोड़फोड़ की गई। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यह अभियान जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार की देखरेख में चलाया गया, जो ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इन क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। विभाग द्वारा पूर्व में संबंधित भू-मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अवहेलना जारी रही।
पट्टी चौधरी क्षेत्र में लगभग दो एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी की चारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
वहीं पट्टी कायस्थ सेठ में भी करीब दो एकड़ क्षेत्र में बनाई गई सड़कों, सीवरेज लाइन तथा डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) को शुरुआती चरण में ही जेसीबी मशीनों से तोड़ दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह निर्माण हरियाणा विकास एवं विनियमन शहरी क्षेत्र अधिनियम के तहत बिना स्वीकृति किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद संबंधित भू-मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ पुलिस स्टेशन कैथल (इन्फोर्समेंट) में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए शिकायत भेजी गई है। जिला नगर योजनाकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से भविष्य में कानूनी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शहर में जहां-जहां भी अवैध कॉलोनाइजेशन की सूचना मिलेगी, वहां इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।