News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

ऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस ने 4 दिन में 95 गौवंश तस्करों के चंगुल से छुड़ाए, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर, 16 फ़रवरी । गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार प्रभावी रूप से जारी है। बीते चार दिनों के भीतर जशपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 95 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है।

इस दौरान थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने दो गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने में भी सफलता प्राप्त की है। अभियान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार थाना लोदाम क्षेत्र में दिनांक 12 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गौवंश भरकर तस्करी के लिए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। साथ ही पुलिस को गुमराह करने के लिए एक वैगनआर कार क्रमांक JH-02-U-2163 आगे-आगे चलकर रेकी कर रही है। सूचना के आधार पर लोदाम पुलिस ने ग्राम कोनबिरा के ग्रामीण मार्ग में नाकाबंदी की और संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर पूछताछ की। कार में बैठे युवकों ने अपना नाम मुर्शीद आलम (27 वर्ष) एवं सर्वेज आलम (27 वर्ष) निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम जिला जशपुर बताया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे पिकअप वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए आगे-आगे चलकर पुलिस की निगरानी कर रहे थे।

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नाकेबंदी और कड़ी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-1153 आते दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाते हुए भागने लगा। पीछा किए जाने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 12 नग गौवंश बरामद किए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा रेकी में इस्तेमाल वैगनआर कार को जब्त कर लिया। इस मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपितों मुर्शीद आलम और सर्वेज आलम को अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं फरार पिकअप चालक को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है।

इसी क्रम में थाना लोदाम पुलिस ने दिनांक 15 फरवरी 2026 की सुबह करीब 04 से 05 बजे के बीच मुखबिर की सूचना पर ग्राम पुत्रीचौरा में बाला नदी के पास नेशनल हाईवे-43 पर एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक CG14-MF-1376 को पकड़ते हुए उसमें से 43 नग गौवंश बरामद किए। पुलिस के अनुसार ट्रक में ही 20 गौवंशों की मौत हो चुकी थी। शेष गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कराकर विधिवत दाह संस्कार कराया गया।

इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में लोदाम पुलिस ने उसी दिन ग्राम जूरतेला में पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 नग गौवंशों को भी तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। दोनों मामलों में आरोपित तस्कर अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। थाना लोदाम में इन मामलों के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

इन सफल कार्रवाइयों में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक हेमंत कुजूर एवं बसंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं दूसरी ओर थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में भी पुलिस ने दिनांक 15 फरवरी 2026 की रात्रि को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चेडेया के लावा नदी पुल के पास पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जाए जा रहे 25 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखकर तस्कर रात का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस मामले में भी सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी के मामलों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत बीते चार दिनों में पुलिस ने कुल 95 गौवंशों को मुक्त कराया, दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply