News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

मंत्री धन सिंह रावत 17 फरवरी से गुजरात दौरे पर,सहकारिता सम्मेलन में करेंगे भागीदारी

देहरादून, 16 फरवरी । उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 17 और 18 फरवरी को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गांधीनगर में आयोजित देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों की उच्च स्तरीय बैठक में प्रतिभाग करेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।

सम्मेलन में दो लाख नई बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, डेयरी व मत्स्य सहकारी समितियों, आधुनिक वेयरहाउस नेटवर्क, राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं में राज्यों की भागीदारी, कंप्यूटरीकरण, राष्ट्रीय सहकारी डाटाबेस और मानव संसाधन विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा दाल व मक्का उत्पादन, साझा सेवा इकाइयों और अम्ब्रेला संरचनाओं की मजबूती, तथा राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की जाएगी।

मंत्री धन सिंह रावत सम्मेलन में ‘सहकार से समृद्धि’ के तहत उत्तराखंड सरकार की सहकारिता योजनाओं, नवाचारों और भविष्य के रोडमैप को प्रस्तुत करेंगे और सुझाव साझा करेंगे। वे सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने,किसानों की आय बढ़ाने, डेयरी और बहुउद्देश्यीय समितियों के विस्तार और सहकारी बैंकों की सुदृढ़ता पर भी चर्चा करेंगे।

गुजरात प्रवास के दौरान डॉ.रावत बनासकांठा जिले के सहकारिता संस्थानों का भ्रमण करेंगे। वे पालनपुर स्थित बनास डेयरी,चीज प्लांट,यूएचटी प्लांट,फूड पार्क,ऑयल मिल,आटा प्लांट,बायो-सीएनजी और बायो फर्टिलाइजर इकाइयों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि गुजरात के सहकारिता मॉडल का अध्ययन कर उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को और सशक्त बनाया जाएगा,जिससे किसानों,दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply