हिसार : भाजपा सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए उठाए ठोस कदम : डॉ. अर्नब चटर्जी
भाजपा मजदूर सैल के युवा अध्यक्ष सुमित पूनिया ने संभाला पदभारहिसार, 07 फरवरी । भाजपा श्रमिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्नब चटर्जी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। अब श्रमिकों को समान अधिकार और सम्मान मिल रहा है और उनके हितों की रक्षा की जा रही है। डॉ. अर्नब चटर्जी शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वे यहां भारतीय जनता मजदूर सैल के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित पूनिया के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने श्रमिकों को समृद्धि का संकल्प लिया जिसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन असंगठित और संगठित श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लंबे समय से काम कर रहा है। अब संगठन केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाएं श्रमिकों तक पहुंचेगा। अर्नब चटर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आते ही सबसे पहले श्रमिकों के कल्याण के बारे में सोचा। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि इस देश के श्रमिकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। श्रमिकों की बुनियादी जरूरतों की पूर्ति की जाए, यह सुनिश्चित करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, क्योंकि वह खुद एक गरीब परिवार से आते हैं। वह गरीबों का दर्द जानते हैं। वह जानते हैं कि एक गरीब परिवार की पृष्ठभूमि के व्यक्ति को अपने जीवन में किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं सब चुनौतियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने श्रमिकों के लिए कल्याणकारी कदम उठाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरमान गांगुली, महामंत्री कर्नल अंग्रेज सिंह, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार हर वर्ग के हितों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपनी जनकल्याणकारी नीतियों की बदौलत भाजपा हर वर्ग की पसंद बनती जा रही है। अपनी नियुक्ति पर सुमित पूनिया ने सेल के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन रविन्द्र रॉकी, वरिष्ठ भाजपा नेता दलबीर धीरणवास, नरेश नैन, चेयरमैन राजकुमार टाक सहित अनेक नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।