सूरजपुर : कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों के निर्माण एवं भुगतान की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के दिए निर्देश
सूरजपुर, 07 फ़रवरी । कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं सेवा प्रदाय तंत्र की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण एवं भुगतान की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में आवासों को पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए निर्माणाधीन सभी आवासों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग एवं भौतिक सत्यापन कर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता में सुधार एवं ग्रामवासियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाइयों के सुचारु संचालन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मल्टीलेयर प्लास्टिक का नियमित संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्लास्टिक अपशिष्ट का वैज्ञानिक पद्धति से संग्रहण एवं प्रसंस्करण कर जिले को स्वच्छ बनाए रखा जा सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में वीबीजी रामजी अधिनियम 2025 के प्रमुख प्रावधानों, उद्देश्यों एवं समेकित कार्ययोजना पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने आमजन को इस अधिनियम से परिचित कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सभा, आवास दिवस एवं रोजगार दिवस के अवसर पर योजनाबद्ध तरीके से वीबीजी रामजी का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की बात कही।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।