राजगढ़ः कलेक्टर ने विटामिन ए पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ, 1.75 लाख बच्चों को मिलेगा सुरक्षा कवच
राजगढ़, 17 फरवरी । जिले में बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन और कुपोषण से मुक्ति की दिशा में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत कलेक्टर डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा ने नन्हें बच्चों को अपने हाथों से विटामिन ए की खुराक पिलाकर की।
इस महाअभियान के तहत जिले के करीब एक लाख 75 हजार से अधिक बच्चों को सुरक्षा के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर कलेक्टर डाॅ. मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शत-प्रतिशत बच्चों तक इसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव और वार्ड में तैयार की गई ड्यूलिस्ट के अनुसार बच्चों को चिन्हित किया जाए। विशेष रुप से एनीमिक बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.शोभा पटेल ने बताया कि यह अभियान 17 फरवरी से शुरु होकर 19 मार्च तक चलेगा। विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है साथ ही बच्चों के रिकाॅर्ड का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है। मैदानी अमले में तैनात आशा कार्यकर्ता, एएनएम और सीएचओ को प्रिंटेड सूचियां सौंपी गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ.एलपी. भकोरिया ने बताया कि छह माह से पांच साल तक के बच्चों की एनीमिया जांच और उपचार किया जाएगा, वहीं 9 माह से पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों में डायरिया, फोड़े-फूंसी, अल्सर और रतौंधी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे समय में विटामिन ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर उन्हें इन बीमारियों से बचाने में मदद करेगा।