News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

आजमगढ़ में 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, एक घायल गोतस्कर समेत दो गिरफ्तार

आज़मगढ़, 08 फ़रवरी । जिले में पुलिस की सक्रियता के बीच 24 घंटे के भीतर दूसरी मुठभेड़ सामने आई है। जहानागंज थाना क्षेत्र में बीती रात गौतस्करी की सूचना पर घेराबंदी करने पहुंची। पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोतस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन, अवैध तमंचा-कारतूस और एक बछड़ा बरामद किया।

शनिवार की देर रात थाना जहानागंज पुलिस संदिग्ध वाहन चेकिंग व गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम गंभीरवन (बड़ैला ताल) के पास पिकअप में गोवंश लदे होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।

घायल अभियुक्त की पहचान मोहीम अहमद पुत्र दिलशेर अहमद निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय तथा गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार पुत्र शोभनाथ निवासी जलाईपुर ऊंचेगांव, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।

एसपी सीटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल गोतस्कर से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से गौवध व गौ-तस्करी करते थे। सुनसान इलाकों से गोवंश पकड़कर अवैध वध किया जाता और मांस ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। अवशेष नदी-नालों में फेंककर साक्ष्य मिटाए जाते थे। घायल अभियुक्त पर गौवध, लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात अहरौला क्षेत्र में भी गौतस्करों से मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक गौतस्कर व हिस्ट्रीशीटर घायल हुआ था जबकि उसका साथी फरार हो गया था।

Leave a Reply