गर्ल्स हॉस्टल में 13 छात्राएं बीमार, सांस लेने में तकलीफ, पानी में संक्रमण की आशंका
भरतपुर, 10 फ़रवरी । जिले के बयाना कस्बे में स्थित देवनारायण राजकीय कन्या सीनियर सैकेंडरी आवासीय विद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में पिछले चार दिनों के दौरान 13 छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। सभी छात्राओं को बयाना उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्राओं में सांस लेने में तकलीफ, घबराहट, बेचैनी और पेट दर्द जैसे लक्षण पाए गए हैं।
छात्रावास के वार्डन हेमेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सात फरवरी से 10 फरवरी के बीच हॉस्टल की 13 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को अचानक पांच छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। छात्राओं के भर्ती होने की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. निर्भय सिंह गुर्जर ने बताया कि लक्ष्मी (16), रामा (14), मंजू (15), मनीषा (13) और इशू (15) को मंगलवार को भर्ती किया गया है। सभी छात्राओं में समान लक्षण पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पीने के पानी में संक्रमण को बीमार होने का संभावित कारण माना जा रहा है। लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इससे पहले शिवानी, जान्हवी, कविता, पूजा, कोमल, लक्ष्मी, प्रियंका और मोनिका भी बीमार पड़ चुकी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम दीपक मित्तल ने घटना की जानकारी मिलते ही तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो पूरे मामले की जांच करेगी और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उनकी वाइटल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कुछ मामलों में प्रथम दृष्टया साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर की संभावना भी जताई जा रही है।
एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की टीम अस्पताल में भर्ती छात्राओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।