बिना फिटनेस स्कूल वाहन चलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई: जिलाधिकारी
प्रतापगढ़, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने आज कहा कि विद्यालयों के बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। बिना फिटनेस के विद्यालय में वाहन चलाने पर शक्त कार्रवाई होगी । जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय के सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में इस आशय के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी अवस्थी ने कहा कि विद्यालयों के बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। बैठक का उद्देश्य विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना है। बैठक में एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णय एवं उनके अनुपालन की जानकारी दी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में यातायात सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए ।
विद्यालयों के संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाएं। यदि किसी विद्यालय द्वारा 15 दिनों में फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो संबंधित विभाग की टीम द्वारा वाहनों की भौतिक जांच कराई जाये और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाये। बिना फिटनेस के किसी भी विद्यालय में वाहन संचालित न हो, इसका शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर विद्यालय वाहनों के परमिट, वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जांच की जाए, जिससे बच्चों की सुरक्षा से हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिलबिला क्षेत्र में नो-एंट्री होने पर भी भारी वाहनों द्वारा सड़क किनारे लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से जाम की समस्या बनी रहती है, अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी वाहनों का लोडिंग-अनलोडिंग कार्य केवल निर्धारित समय में कराया जाए, सख्त निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखे। दिए गए आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
————-