News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

जिम की आड़ में धर्मांतरण, फरार आरोपितों पर इनाम घोषित

मीरजापुर, 24 जनवरी । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिम के जरिए कथित धर्मांतरण कराने के मामले में फरार चल रहे आरोपित अशफाक उर्फ लकी और इमरान पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है, जबकि पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

यह मामला 20 जनवरी को देहात कोतवाली क्षेत्र की दो युवतियों की तहरीर पर दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक यूपी पुलिस के एक सिपाही समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। साथ ही केजीएन-1, केजीएन-2, केजीएन-3, आयरन फायर और बी फिट समेत पांच जिम सील किए जा चुके हैं।पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 50 युवतियों की तस्वीरें बरामद होने की बात सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि जिम ट्रेनरों के माध्यम से संगठित ढंग से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। यह पूरा नेटवर्क एक सिंडिकेट की तरह काम कर रहा था और आरोपित व्हाट्सएप के जरिए आपस में संपर्क में रहते थे।

फरार आरोपित इमरान के संबंध जिले के कुछ प्रमुख राजनीतिक व्यक्तियों से बताए जा रहे हैं। नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। बताया जा रहा है कि कभी मात्र 10 हजार रुपये की पगार पर ट्रेनर की नौकरी करने वाले इन युवकों ने कुछ ही वर्षों में करोड़ों की लागत से तीन जिम खड़े कर दिए। तीनों जिम में करीब 60 लाख रुपये के उपकरण लगाए गए थे। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जिला प्रशासन भी जिम के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई में जुट गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि मामले में किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply