राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की गेट मीटिंग, आंदोलन तेज
नैनीताल, 30 जनवरी । राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद नैनीताल ने प्रान्तीय आह्वान पर शुक्रवार को गेट मीटिंग कार्यक्रम के तहत कोषागार और जिला पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन कर कर्मचारियों की 18 सूत्रीय मांगों को शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की।
परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली के अनुसार जनपद के सभी विकास खंडों और विकास भवन भीमताल में गेट मीटिंग के बाद अंतिम चरण में कोषागार और जिला पंचायत कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर आंदोलन के द्वितीय चरण की रणनीति पर भी विचार किया गया।
कोषागार कार्यालय में आयोजित गेट मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए प्रान्तीय सचिव रितेश मेहरा ने कहा कि कर्मचारी 15 जनवरी से आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस पहल न होने से कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिला पंचायत कार्यालय में गेट मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कर्मचारी संघ अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूर्णतः न्यायोचित हैं और निगम, निकाय, विश्वविद्यालय, राजकीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और अशासकीय विद्यालयों के कार्मिकों को भी राज्य कर्मियों की भांति सभी सुविधाएं दी जानी चाहिए।
कोषागार कार्यालय की गेट मीटिंग में रणजीत सिंह नेगी, नंदन सिंह, नीतू आर्या, मोहित कन्याल, मोहन हेडिया, नवीन आर्या, पूजा कन्याल, हिमांशु अधिकारी, पूजा पलडिया, सुनील रावत, रितिका और अर्जुन भारती और जिला पंचायत कार्यालय की गेट मीटिंग में अनोप सिंह, गोविंद सिंह भौरयाल, निखिल बिष्ट, सतीश बुधानी, अनिल बहादुर चंद, रितू रावत, कृतिका रावत, नरेंद्र रैकवाल, जीतू दानू, दिलीप कनेरा, अक्षय, मीनाक्षी, गोविंद बिष्ट और सुनील आर्या सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।