News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

देहरादून, 23 जनवरी । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषित सीबीआई जांच की प्रगति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घोषणा पेपर लीक मामले में की गई सीबीआई जांच जैसी ही प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में अब तक सीबीआई की ओर से कोई औपचारिक बयान या स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे सरकार की मंशा पर संदेह गहराता जा रहा है।

शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में सैन्य वाहन दुर्घटना में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में राज्य सरकार ने जनाक्रोश को देखते हुए जल्दबाज़ी में सीबीआई जांच की घोषणा तो की, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शुरू से ही इस संवेदनशील मामले में लीपापोती करती आ रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ होती तो सीबीआई जांच की स्थिति अब तक सार्वजनिक होती। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस आवश्यकता पड़ने पर एक बार फिर व्यापक आंदोलन करेगी।

उन्होंने काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय बाद भी न तो जांच पूरी हुई है और न ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के उद्देश्य से कुछ पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए, जो न्याय की बजाय संरक्षण का संकेत देते हैं।

भाजपा के आंतरिक हालात पर टिप्पणी करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद पांडेय प्रकरण के बाद भाजपा के नेताओं की सक्रियता यह दर्शाती है कि पार्टी अंदर से बिखरी हुई है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।

मीडिया के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने बैनर-पोस्टरों में किस नेता की तस्वीर लगाए, यह उसका विषय है, लेकिन दुष्यंत गौतम की तस्वीरों का अचानक हटाया जाना यह दर्शाता है कि भाजपा भी इस तथ्य को स्वीकार कर रही है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देर से दूरी बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता गरिमा दसौनी, सोशल मीडिया प्रभारी अभिनव थापर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply