वीबी जीरामजी बिल एक क्रांतिकारी कदम : महेन्द्र भट्ट
हरिद्वार, 27 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी जीरामजी विधेयक संसद में पारित हो चुका है, जो विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के नवोदय नगर मंडल में आयोजित वीबी जीरामजी जिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस जनकल्याणकारी योजना से जुड़ी जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों एवं जिला पंचायत सदस्यों से योजना के नियमों व प्रावधानों को भली-भांति समझने और पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि योजना के अंतर्गत 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है तथा श्रमिकों को साप्ताहिक वेतन मिलेगा, जो डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा। योजना में पर्यावरण, कृषि, आपदा प्रबंधन, डेयरी एवं पशुपालन जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भ्रम फैलाकर इस महत्वपूर्ण योजना का विरोध कर रहा है।
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार योजना से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए ईपीएफओ में पंजीकरण अनिवार्य होगा, जिससे श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी।
नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार बिना भेदभाव के आमजन के हित में कार्य कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह सरकार की योजनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है।
सम्मेलन में हरिद्वार महापौर किरण जैसल, जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा, राज्यमंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।