श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम का वेस्टइंडीज दौरा, खेलेगी छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज़
कोलंबो, 27 जनवरी । श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम फरवरी के आखिर से मार्च की शुरुआत तक वेस्टइंडीज के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज़ खेली जाएगी। इस दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं, जो 20 फरवरी से 3 मार्च तक आयोजित होंगे।
सीरीज़ के सभी मुकाबले ग्रेनेडा के नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। वनडे सीरीज़ की शुरुआत 20 फरवरी को होगी, जबकि शेष दो मैच 22 और 25 फरवरी को खेले जाएंगे। इसके बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आगाज़ 28 फरवरी से होगा, वहीं दूसरे और तीसरे टी20 मैच क्रमशः 1 और 3 मार्च को खेले जाएंगे।
टी20 सीरीज़ को खास अहमियत दी जा रही है, क्योंकि दोनों टीमें इस साल के अंत में इंग्लैंड में होने वाले 2026 महिला टी20 विश्व कप की तैयारियों को धार देने उतरेंगी। वेस्टइंडीज और श्रीलंका को ग्रुप-2 में रखा गया है, जहां उनके साथ इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और दो क्वालीफायर टीमें भी शामिल होंगी।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने अपने आधिकारिक बयान में कहा,“श्रीलंका की राष्ट्रीय महिला टीम फरवरी–मार्च 2026 के दौरान वेस्टइंडीज का दौरा करेगी, जहां वह तीन मैचों की वनडे और तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ खेलेगी। दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज़ से होगी, जिसके बाद टी20 मुकाबले ग्रेनेडा में आयोजित किए जाएंगे।”
श्रीलंका की टीम 2024 एशिया कप के बाद से जारी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ जीत के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं मेज़बान वेस्टइंडीज हालिया घरेलू प्रदर्शन से आत्मविश्वास से भरी हुई है, जिसने अपने पिछले दौरों में बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज़ जीती थी।
दोनों टीमों के बीच आखिरी बार 2024 में कैरेबियन में भिड़ंत हुई थी, जहां श्रीलंका ने वनडे सीरीज़ में 3–0 से क्लीन स्वीप किया था, जबकि वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज़ 2–1 से अपने नाम की थी।
महिला वनडे रैंकिंग में श्रीलंका इस समय छठे स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज नौवें पायदान पर काबिज़ है। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में वेस्टइंडीज छठे और श्रीलंका सातवें स्थान पर मौजूद है।