News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : रामानुजगंज में सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती पर शिक्षा और सेवा का संदेश

बलरामपुर, 03 जनवरी । जिले के रामानुजगंज स्थित आमंत्रण धर्मशाला परिसर में शनिवार को माली मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक चेतना और सेवा भाव को केंद्र में रखते हुए विविध आयोजन किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात न्यू स्मार्ट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा जागरूकता पर आधारित नृत्य और लघु नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

ठंड के मौसम को देखते हुए सेवा कार्य के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के 84 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े वितरित किए गए। इस दौरान एसडीओपी बाजीलाल सिंह ने स्वयं बच्चों को स्वेटर पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों लाल बिहारी चौबे, लक्ष्मण ठाकुर, शीला गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिका बिंदी सिंह एवं निजी विद्यालयों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को भी कार्यक्रम में डायरी और कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी बाजीलाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी, ओमप्रकाश गुप्ता सहित पलामू और गढ़वा से आए प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।

इस आयोजन को सफल बनाने में डायरेक्टर प्रकाश मालाकार की प्रमुख भूमिका रही। सर्व रविदास समाज जनकल्याण ब्लॉक रामानुजगंज के सहयोग से विनोद भगत, सतीश मालाकार, राजेंद्र मालाकार सहित पूरी टीम ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि समाज के विकास और समानता की नींव शिक्षा से ही मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक लक्ष्मी सोनी और मंटू ठाकुर ने किया।

Leave a Reply