कैथल: स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें सभी नागरिक :नवीन जिंदल
कैथल, 26 जनवरी । पुलिस लाइन मैदान में सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 76 वर्ष पहले आज ही के दिन भारतीय संविधान लागू हुआ, जिसने देशवासियों को न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मौलिक अधिकार दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी नागरिकों से सशक्त, स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सांसद जिंदल ने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य है और चंद्रयान-3, सूर्ययान व मंगलयान जैसे मिशनों की सफलता ने देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तेजी से तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है। हरियाणा के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का हर दसवां जवान प्रदेश से है और सरकार ने शहीदों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी है।
समारोह में देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। सांसद ने कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को 500 रुपये प्रोत्साहन राशि देने और उनके स्कूलों में अगले दिन अवकाश की घोषणा की। प्रतियोगिताओं में आरकेएसडी स्कूल की प्रस्तुति प्रथम रही, जबकि सुपार्श्व जैन स्कूल द्वितीय और दर्शन अकादमी तृतीय स्थान पर रहे। मार्च पास्ट, झांकियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया।
ये हुए सम्मानितगणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल ने जिला स्तर पर बाल उपवन आश्रम से समाज सेवा के क्षेत्र में नरेश कुमार, जिला शिक्षा विभाग से अधीक्षक सुरेश कौशिक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुढाखेड़ा से प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार, खेल विभाग खिलाड़ी निष्ठा, एसपी कार्यालय से एएसआई राजेश कुमार व महिला सिपाही मीना देवी व एएसआई बलजीत सिंह, डीसी कार्यालय से विक्रांत गौतम, तहसीलदार कार्यालय से पटवारी राजेश कुमार, प्राथमिक पाठशाला तारांवाली से शिक्षक गुरदीप सिंह, कोषाधिकारी कार्यालय से सहायक पवन कुमार, पीडब्ल्यूडी से संदीप कुमार, बिजली निगम से जूनियर सिस्टम इंजीनियर अंजू, नगर परिषद से लखविंदर सिंह, जिला कल्याण अधिकारी सीमा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मुकेश, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से निर्मल सिंह, किसान शीशपाल, उप सिविल सर्जन संदीप बातिश और आईटीआई से ड्रैस मैकिंग अनुदेशिका प्रेरणा को उत्कृष्ट कार्याें के लिए सम्मानित किया गया।