News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रंजीत के घर पहुंची सौर ऊर्जा, बिजली बिल से मिली राहत

बलरामपुर, 03 जनवरी । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आम नागरिकों को न केवल बिजली बिल से राहत मिल रही है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

इसी क्रम में ग्राम झींगो निवासी रंजीत एक्का प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने अपने आवास पर तीन किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। रंजीत एक्का ने बताया कि सोलर पैनल स्थापना से पहले उन्हें प्रत्येक माह बिजली बिल के रूप में बड़ी राशि का भुगतान करना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव रहता था।

सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे उन्हें आर्थिक राहत मिली है और निर्बाध रूप से बिजली का उपयोग संभव हो सका है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल स्थापना पर कुल लगभग एक लाख बीस हजार रुपये का व्यय हुआ, जिसमें शासन द्वारा 90 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। शेष राशि का वहन योजना के अंतर्गत प्राप्त मार्गदर्शन और सहयोग से सहज रूप से संभव हो पाया।

रंजीत एक्का का कहना है कि इस योजना से प्रतिमाह होने वाले खर्च में उल्लेखनीय बचत हो रही है। साथ ही वे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी अपना योगदान दे पा रहे हैं।

उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने और जीवन को सरल बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply