सिरसा: नशीली गोलियों व कैप्सूलों का जखीरा बरामद, चार गिरफ्तार
सिरसा, 23 जनवरी । स्थानीय पुलिस ने मेडिकल नशा तस्करी पर प्रहार करते हुए सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र से नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियों व कैप्सूलों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर किया है। कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि मनप्रीत व हरदीप अवैध रूप से नशे में प्रयुक्त होने वाले कैप्सूलों की तस्करी करते हैं। पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए कालांवाली में एक मकान में दबिश देकर नशे में प्रयुक्त होने वाले 7200 कैप्सूल बरामद किए। मौके से मनप्रीत सिंह व हरदीप सिंह को काबू किया गया है। बरामद कैप्सूलों को ड्रग विभाग को सौंप दिया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने गांव चौटाला क्षेत्र से 1025 गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं जो कि नशे में प्रयुक्त होते हैं। चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी सतपाल ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान सतपाल व कालू के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मेडिकल नशा बेचने वालों बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक डबवाली द्वारा थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई अवैध रूप से दवाओं की तस्करी करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने नाबालिग लडक़ी के साथ दुष्कर्म, वीडियो क्लिप बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी गुरमेल सिंह गिरफ्तार को किया है। डबवाली सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बीती 21 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा पीडि़ता की आपत्तिजनक वीडियो क्लिप बनाई गई और जान से मारने की धमकी दी गई।