ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: डंपर की चपेट में आया परिवार, पति-पत्नी और बेटी की मौत
ग्वालियर, 22 जनवरी । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 18 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे डंपर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए और डंपर की चपेट में आ गए।
यह हादसा बिजौली थाना क्षेत्र के रतवाई इलाके में हुआ। मृतक परिवार उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का रहने वाला था और बेटी को जेईई (मेन) परीक्षा दिलाने के लिए ग्वालियर आया था।
बेहट एसडीओपी मनीष यादव के अनुसार मृतकों की पहचान 45 वर्षीय किसान चंद्रपाल जाटव, उनकी पत्नी 40 वर्षीय राजश्री जाटव और 18 वर्षीय बेटी अर्पिता जाटव के रूप में हुई है। अर्पिता का गुरुवार को जेईई (मेन) का पेपर था, जिसका परीक्षा केंद्र रतवाई स्थित बीबीएम कॉलेज में निर्धारित था। गुरुवार दोपहर के समय चंद्रपाल अपनी पत्नी के साथ बेटी को बाइक से परीक्षा केंद्र छोड़ने निकले थे। उन्होंने गिरवाई थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप की बाइक ली थी। जल्दबाजी में वे रास्ता भटक गए और परीक्षा केंद्र से करीब 100 मीटर आगे निकल गए।
वापस लौटते समय हुआ हादसा
रास्ता पूछने के बाद जब वे वापस मुड़े और थाना क्षेत्र से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर के नीचे आ गए, जिससे तीनाें की मौके पर ही मौत हो गई।
खून से सने दस्तावेज, सन्न रह गई पुलिस
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी मंजर देखकर स्तब्ध रह गई। सड़क पर खून फैला हुआ था और परिवार के बैग में रखे दस्तावेज भी खून से सन चुके थे। पुलिस ने मौके की स्थिति संभालते हुए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिवार में बचे सिर्फ दो बेटे
बताया गया है कि चंद्रपाल के परिवार में पत्नी, बेटी और दो बेटे—सत्यम और बिट्टू—थे। इस हादसे में पति-पत्नी और बेटी की मौत के बाद अब परिवार में केवल दोनों बेटे ही शेष रह गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों बेटे ग्वालियर के लिए रवाना हो गए हैं।
डंपर छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने खाका (खनिज सामग्री) से भरा डंपर जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।