तारबंदी में उलझा लेपर्ड, घायल हालत में जंगल की ओर भागा
सिराेही, 25 जनवरी । जिले के रेवदर क्षेत्र के रोहुआ गांव में रविवार को लेपर्ड के हमले से दहशत फैल गई। लेपर्ड ने अलग-अलग समय पर दो बार हमला कर चार ग्रामीणों को घायल कर दिया। हमले के बाद भागते समय लेपर्ड कुएं के पास खेतों की लोहे की तारबंदी में उलझ गया, जिससे वह खुद भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, वहीं घायल ग्रामीणों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीण वीरमाराम ने बताया कि रविवार सुबह लेपर्ड गांव के मानपुरा कुएं के पास दिखाई दिया। कुछ ही देर में लेपर्ड ने वहां मौजूद तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले के बाद भागते समय लेपर्ड खेतों की तारबंदी में उलझ गया और काफी देर तक तारों से आजाद होने के लिए छटपटाता रहा।
दोपहर में घायल अवस्था में ही लेपर्ड ने पास पहुंचे एक अन्य व्यक्ति पर फिर से हमला कर दिया। इस हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
दोपहर बाद काफी मशक्कत के बाद लेपर्ड तारों से मुक्त हुआ और जंगल की ओर भाग गया। लेपर्ड के हमले में असमल भील, बीजाराम भील, अवसीराम भील और भेराराम भील घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर सिरोड़ी रेंज की वन विभाग टीम गांव पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लेपर्ड को ट्रैंकुलाइज करने के लिए 45 किलोमीटर दूर जसवंतपुरा से विशेष टीम को भी बुलाया गया।
सिरोड़ी रेंज के रेंजर ललित सिंह ने बताया कि लेपर्ड लोहे के तारों में उलझने से घायल हो गया था और दर्द के कारण काफी आक्रामक हो गया। घायल हालत में ही उसने एक और युवक पर हमला किया। फिलहाल लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया है, जिसे ट्रैक कर पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने लोगों को खेतों और जंगल की ओर जाने से रोक दिया है। टीम द्वारा लेपर्ड की लगातार सर्चिंग की जा रही है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।