पांकी में चार माह में ही जर्जर हुई 13.5 करोड़ की सड़क, कार्रवाई की मांग
पलामू, 03 जनवरी । जिले के पांकी के कर्पूरी चौक से बराज होते सोनपुरा तक तरहसी और पांकी को जोड़ने वाली नवनिर्मित सड़क चार माह में ही जर्जर हो गयी है। यह सडक 13.5 करोड़ रुपये की लागत से 14.5 किमी तक बनायी गई थी। निर्माण के समय ही गुणवत्ता पर सवाल उठाया गया था। बावजूद इसके सुधार नहीं हुआ। कालीकरण सड़क की पिच जहां-तहां उखड़ गई है और सडक में कई गड्ढे हो गये हैं। ग्रामीणों में इसे लेकर भारी आक्रोश है।
शनिवार को ग्रामीण प्रकाश पसवान, प्रफुल राज, विकास चन्द्रवंशी, श्यामलाल कुमार, कमरूद्दीन अंसारी, दिलीप कुमार सहित अन्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि चार महीने पहले सड़क का निर्माण हुआ था। उन्होंने बताया कि सडक निर्माण का कार्य रात के अंधेरे में ठेकेदार ने किया। इसका विरोध करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि सडक के पुन: जर्जर होने से उन्हें आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विभागीय अभियंता और ठेकेदार पर कार्रवाई करने और सड़क को ठीक करने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 2025-26 के तहत तरहसी और पांकी को जोड़ने के लिए उपरोक्त सड़क बनायी गयी थी। उन्होंने बताया कि एमएस पूजा कंस्ट्रक्शन केे ठेकेदार रंजीत सिंह ने इसका निर्माण कराया है। सात साल पूूूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कालीकरण सड़क बनायी गयी थी।
इधर, विभागीय कनीय अभियंता रंजीत कुमार ने कहा कि निर्माण के क्रम में एचडीबीसी मेटेरियल जम जाने या ठंडा हो जाने पर कालीकरण सड़क उखड़ने लगती है। जहां-जहां खराबी है, उसमें सुधार किया जाएगा।