पूर्वी सिंहभूम: सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
पूर्वी सिंहभूम, 27 जनवरी । सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कृष्णा ढाबा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुंतल कुमार दास (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक परसुडीह के विद्यासागरपल्ली का निवासी था और वह सुंदरनगर स्थित दमयंती स्कूल में आयोजित रीयूनियन पार्टी से लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार देर रात सड़क पर आगे चल रहे हाइवा (डंपर) चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक वाहन रुकने से पीछे से आ रही कुंतल की बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे हाइवा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुंतल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह मृतक के परिजन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं के साथ सुंदरनगर थाना पहुंचे और मुआवजे तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने परिजनों से बातचीत के बाद पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क कर मुआवजे को लेकर उचित निर्णय लेने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घायल युवक के इलाज की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए हुए है।
————