News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

गणतंत्र दिवस पर मंत्री दीपक बिरुवा ने फहराया तिरंगा

पश्चिमी सिंहभूम, 26 जनवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिला में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के पुलिस केंद्र, चाईबासा में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने तिरंगा झंडा फहराया और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

निर्धारित समय अनुसार सबसे पहले पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक कोल्हान (सिंहभूम) अनुरंजन किस्पोट्टा समारोह स्थल पर पहुंचे। इसके बाद मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुवा का आगमन हुआ। सभी अतिथियों ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

मंत्री दीपक बिरुवा ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता पर अपने विचार रखे।

मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न बलों की कुल 10 प्लाटून और बैंड पार्टी की ओर से भव्य मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। मार्च पास्ट में प्रथम स्थान एनसीसी टाटा कॉलेज को, द्वितीय स्थान सहायक महिला पुलिस बल को और तृतीय स्थान केंद्रीय रिजर्व बल को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इन टुकड़ियों को समारोह में सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही अलग-अलग विभागों की ओर से पृथक-पृथक थीम पर आधारित कुल 17 आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति की गई।

झांकी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान समाज कल्याण विभाग, द्वितीय स्थान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और तृतीय स्थान स्वास्थ्य विभाग की झांकी को दिया गया।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि की ओर से देश रक्षा के लिए संचालित ऑपरेशन पराक्रम में साहस और धैर्य का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त अमर सैनिकों के परिजनों को ‘वीर नारी’ के रूप में सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने वाले लोगों, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों, स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्र, स्वच्छ थाना एवं परिसर, दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण कार्य में योगदान देने वालों तथा विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply