News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

समायोजन की मांग को लेकर बर्खास्त अनुसेवकों की पदयात्रा शुरू, मेदिनीनगर से रांची तक करेंगे मार्च

पलामू, 03 जनवरी । पलामू जिले के बर्खास्त अनुसेवकों ने समायोजन की मांग को लेकर शनिवार से पदयात्रा की शुरुआत की। यह पदयात्रा मेदिनीनगर से रांची तक जाएगी, जहां अनुसेवक मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर समायोजन की गुहार लगाएंगे।

दरअसल, नियुक्ति विज्ञापन में त्रुटि पाए जाने के बाद उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर झारखंड सरकार ने पलामू के 251 अनुसेवकों को बर्खास्त कर दिया था। इसी निर्णय के विरोध में बड़ी संख्या में अनुसेवक पदयात्रा में शामिल हुए।

पदयात्रा की शुरुआत के अवसर पर पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी, पूर्व मेयर अरुणा शंकर और पूर्व उपमहापौर राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह भी शामिल हुए। सभी ने अनुसेवकों की मांगों को जायज बताते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने इस दौरान अपनी पेंशन राशि से 5 हजार रुपये अनुसेवकों को सहयोग स्वरूप दिए। वहीं, पूर्व उपमहापौर मंगल सिंह ने रांची तक की यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत और ठहराव की व्यवस्था कराने की बात कही।

बर्खास्त अनुसेवकों के मामले में राज्य सरकार दोषी : त्रिपाठी

मौके पर पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने कहा कि नियुक्ति विज्ञापन राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया था और परीक्षा लेकर नौकरी भी सरकार ने ही दी। अभ्यर्थियों ने केवल आवेदन किया था। ऐसे में यदि विज्ञापन में त्रुटि थी, तो इसके लिए सरकारी अधिकारी और राज्य सरकार जिम्मेदार हैं, न कि अनुसेवक। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर अनुसेवकों का समायोजन किया जाए।

पूर्व मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि लंबे समय तक सेवा लेने के बाद अनुसेवकों को हटाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली में अनुसेवकों को प्राथमिकता देने की मांग की। वहीं, पूर्व प्रथम उपमहापौर मंगल सिंह ने कहा कि वे अनुसेवकों के आंदोलन का पूरा समर्थन करते हैं और इन्हें जल्द से जल्द पुनर्बहाल किया जाना चाहिए।

अनुसेवकों ने बताया कि पदयात्रा के पहले दिन सतबरवा में रात्रि विश्राम किया जाएगा। चार जनवरी को सतबरवा से आगे पदयात्रा शुरू होकर लातेहार में रात्रि विश्राम होगा। पांच जनवरी को लातेहार से चंदवा, छह जनवरी को चंदवा से कुड्डू, सात जनवरी को कुड्डू से मांडर और आठ जनवरी को मांडर से रांची पहुंचकर रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा जाएगा।

अनुसेवकों ने कहा कि समायोजन की मांग को लेकर वे कई बार निवेदन, धरना और प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। नौकरी से बर्खास्त किए जाने के बाद कई अनुसेवकों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। इलाज के दौरान दो अनुसेवकों की पैसों के अभाव में मौत होने की बात भी कही गई।

पदयात्रा में विवेक कुमार शुक्ला, मंदीप कुमार, संजीत कुमार यादव, सुधाकर दुबे, कृष्णा कुमार, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में अनुसेवक शामिल हैं।————–

Leave a Reply