News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

खूंटी में खाद्य एवं आपूर्ति योजनाओं के प्रचार के लिए जन जागरूकता रथ रवाना

खूंटी, 20 जनवरी । खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश पर जिले में सरकारी योजनाओं के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर से जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला उपायुक्त आर. रॉनिटा ने रथ को रवाना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की सही और समय पर जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि सभी पात्र लाभुक योजनाओं का पूर्ण लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों के सुदूरवर्ती इलाकों, बाजार-हाट, चौक-चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगा।

उपायुक्त ने बताया कि रथ के माध्यम से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलेगी और वे लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे।

आपूर्ति विभाग की जिन प्रमुख योजनाओं की जानकारी रथ के माध्यम से दी जाएगी, उनमें सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना, पीवीटीजी डाकिया योजना, ग्रीन राशन कार्ड योजना, अंत्योदय एवं गुलाबी राशन कार्ड योजना, खाद्यान्न वितरण योजना तथा पीजीएमएस के माध्यम से जन शिकायत निवारण प्रणाली शामिल हैं। इसके साथ ही विभागीय कार्यों और लाभुकों के अधिकारों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, डीसीएलआर अरविंद कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।———-

Leave a Reply