गुरुग्राम: एसटीपी के गंदे पानी को रेन वाटर हार्वेस्टिंग में डाला ताे होगी कार्रवाई
गुरुग्राम, 29 जनवरी । सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के गंदे पानी को रेन वाटर हार्वेस्टिंग में डालने पर नगर निगम मानेसर ने सेक्टर-89 स्थित ओरिस सोसाइटी पर कार्रवाई की सिफारिश की है। मानेसर नगर निगम भी कानूनी कदम उठाते हुए कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
सोसायटी में एसटीपी के गंदे पानी को ट्रीट किए बगैर ही रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में डाला जा रहा था। इसकी गुरुवार को नगर निगम की टीम ने जांच की।
प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन एक्ट और एनवायरनमेंट (प्रोटेक्शन) एक्ट के तहत हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को नियमानुसार कार्रवाई करने की सिफारिश की है। स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन निजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि निगम की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान सोसाइटी में पहुंची तो पाया कि यहां एसटीपी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहा। गंदा पानी सीधे रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पिट में डाला जा रहा था, जो भूजल को दूषित कर रहा है, जोकि एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन एक्ट का सीधा उल्लंघन है। इस बारे नगर निगम आयुक्त के माध्यम से एचएसपीसीबी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई है। जिसमें साइट इंस्पेक्शन, सेंपल टेस्टिंग और फोटो शामिल है। आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम की टीम सोसाइटियों में औचक निरीक्षण कर रही है। जिस भी सोसाइटी में नियमानुसार एसटीपी का संचालन नहीं पाया गया तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।