जगदलपुर : 16 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई विदाई, घर जाकर वन कर्मी दिलराज को दिए सेवांत लाभ
जगदलपुर, 30 जनवरी । जिला कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में शुक्रवार को जिले के 16 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को विदाई दी गई। इस समारोह में कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी साथियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। विदाई की इस बेला में कलेक्टर ने न केवल कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की, बल्कि उन्हें जीवन के अगले पड़ाव के लिए प्रेरित भी किया।
कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में जहां एक ओर 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का विदाई समारोह चल रहा था, वहीं प्रशासन की चिंता उस एक कर्मचारी के लिए भी थी जो अपनी शारीरिक विवशता के कारण इस सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। वन विभाग में कार्यरत दिलराज दास के लिए आज का दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, लेकिन दुर्भाग्यवश सेवानिवृत्ति से कुछ ही दिन पूर्व उन्हें लकवा (पैरालिसिस) का आघात लगा। इस अस्वस्थता के कारण वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि, यदि कर्मचारी अस्वस्थता के कारण प्रशासन तक नहीं आ सकता, तो प्रशासन उनके द्वार तक जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक को निर्देशित किया कि वे स्वयं दिलराज दास के निवास पर जाएं और उन्हें सम्मान पूर्वक उनके सभी भुगतान आदेश सौंपें।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति का दिन किसी भी व्यक्ति के लिए बहुत ही भावुक क्षण होता है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि नौकरी की व्यस्तता के बीच अक्सर हम अपने और परिवार के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाते, लेकिन अब वह समय आ गया है। कलेक्टर ने कहा, “आप स्वयं के लिए और अपने परिवार के लिए समय निकालिए। अपनी उन इच्छाओं को पूरा करें जो सेवाकाल के दौरान अधूरी रह गई थीं और सबसे महत्वपूर्ण, अपने स्वास्थ्य की देखभाल करें व स्वस्थ रहें।” उन्होंने यह भी अपील की कि शासकीय सेवा का उनका लंबा अनुभव समाज के लिए धरोहर है, इसलिए वे अपने अनुभवों का लाभ आने वाली पीढ़ी को अवश्य पहुंचाएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक ने प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के सभी प्रकरणों का तत्परता से और समय सीमा के भीतर निराकरण करना कलेक्टर आकाश छिकारा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्प है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अपने स्वत्वों के लिए परेशान न होना पड़े। सम्मान और आत्मीयता से भरे इस कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री ममता ध्रुव सहित कोषालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।