विकसित भारत में किसानों व युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका: डॉ. गर्ग
जोधपुर, 24 जनवरी । पीएम नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है उसमें किसानों एवं युवाओं की अत्यंत ही महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कृषि ड्रोन जैसी नई तकनीकी में अगर किसान एवं युवा प्रशिक्षित होंगे तो निश्चित रूप से कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिलेगी। यह बात विधायक बिलाड़ा विधायक डॉ. अर्जुनलाल गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि कृषि विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र में आयोजित ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम के राज्य सरकार की ओर से पहले अनुदानित बैच के उद्घाटन समारोह में कही।
उन्होंने प्रतिभागियों को कहा कि कृषि ड्रोन का सदैव कृषकों की भलाई में उपयोग हो। उन्होंने आग्रह किया कि ड्रोन के गलत इस्तेमाल से सदैव बचें। कार्यक्रम में अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो डॉ. वीएस जैतावत ने कहा कि कृषि क्षेत्र में लगातार ड्रोन की मांग बढ़ती जा रही है और दक्ष पायलट की भी अत्यंत आवश्यकता है। नई तकनीकी में किसानों व युवाओं को दक्ष करने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है, और इसी कड़ी में सरकार के अनुदान के साथ-साथ ड्रोन पायलट ट्रेनिंग के लिए 10 प्रतिशत राशि की अतिरिक्त सहायता कृषि विश्वविद्यालय भी कर रहा है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गजेंद्र सिंह पोशाणा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रदीप पगारिया ने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला व एकमात्र राज्य सरकार से अनुदानित प्रशिक्षण केन्द्र है। उन्होंने कहा कि डीजीसीए से मान्यता प्राप्त होने के कारण राज्य सरकार की ओर से कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर से प्रशिक्षण लेने वाले को 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 35 हजार रुपए तक का अनुदान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहली बार 15 दिवसीय अनुदानित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद रेड बर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी की ओर से सौरभ गुप्ता ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रुपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि ड्रोन उड़ानें के साथ-साथ पहली बार इस बैच में ड्रोन के रिपेयर, मेंटेनेंस एवं निर्माण का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका स्वामी ने आभार जताया।