मणिकर्ण में हत्या मामले में नेपाली मूल का आरोपी गिरफ्तार
कुल्लू, 26 जनवरी । जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में हुए ब्लाइंड मर्डर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नेपाली मूल के व्यक्ति ने ही छोटी सी बात पर नेपाली की हत्या कर दी थी।
घटना 23 जनवरी देर शाम की है जब पुलिस को सूचना मिली थी कि कसोल के समीपवर्ती गांव छलाल में एक व्यक्ति मृत अवस्था में गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौका पर पहुंच गई और डीएसपी कुल्लू राजेश कुमार भी तुरंत मौका पर पहुंच गए।
एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने गहनता से मामले की जांच की तो पाया कि मृतक के गर्दन, मुंह ओर घुटने पर जिस प्रकार चोटों के निशान हैं उससे स्पष्ट हो रहा था कि उस की हत्या कर दी गई है। पुलिस के पास ऐसा कोई सबूत नहीं था जिससे हत्यारे के बारे में कोई संकेत मिल सके। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मृतक रेशम परसेई के भाई विक्रांत के बयान दर्ज किए ओर हत्या का मामला दर्ज करने के बाद हत्या से जुड़ी कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया।
एसपी कौशल ने बताया कि पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी हिमल मगर निवासी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रेशम परसेई द्वारा उसे छोटी सी बात पर थप्पड़ मार दिया गया था और उसके बाद उसने पहले उसे मुक्का मारा और उसके बाद खाली बोतल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। उसे बाद उसके शरीर पर एक बड़ा सा पत्थर रख कर कसोल की तरफ चला गया था।
एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के शव का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में पोस्टमार्टम करवाया ओर शव मृतक के भाई को सौंप दिया।