News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

कार से 10.92 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार

शिमला, 25 जनवरी । शिमला जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बार फिर चिट्टा की बरामदगी की है। बीते अरसे से जिला पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर बनाए हुए है और इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर जांच के दौरान यह कार्रवाई सामने आई है।

पुलिस के अनुसार शनिवार की रात करीब 9 बजे डिटेक्शन टीम सब डिवीजन रामपुर के हेड कांस्टेबल पियूष राज ने एनएच-05 पर संजू ढाबा के पास देथल क्षेत्र में एक वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन नंबर HP-06A-6739 की तलाशी के दौरान उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 10.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई।

पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान रामपुर निवासी 31 वर्षीय कुलदीप व 26 वर्षीय सोनू और कुमारसेन निवासी 35 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि बरामद मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की तफ्तीश पुलिस थाना कुमारसैन के एएसआई किशोरी लाल द्वारा की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

इस संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply