News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

बरेली में बकाया सम्पत्ति कर पर सख्ती, नगर निगम ने 5 भवन सील किए

बरेली, 09 जनवरी । नगर निगम ने बकाया सम्पत्ति कर की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को सीलिंग की कार्रवाई की। नगर निगम के सम्पत्ति कर विभाग द्वारा जोन-02 और जोन-04 में नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई। निर्धारित समयावधि में बकाया कर जमा न करने पर कुल पांच भवनों को सील किया गया, जिससे करदाताओं में हड़कम्प मच गया।

जोन-02 में सेमलखेड़ा रामपुर निवासी शरीफ अहमद, शाहदाना निवासी राधा कृष्ण और सिविल लाइन स्थित बिंद्रा गेस्ट हाउस (अध्यासी सीपी सिंह) की सम्पत्तियों को सील किया गया। इस दौरान नगर निगम को 44 हजार रुपये की वसूली हुई। वहीं जोन-04 में बसंत विहार निवासी हिदायतुल्ला और राशिद खान की सम्पत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिससे 1 लाख 1 हजार 945 रुपये नगर निगम कोष में जमा कराए गए।

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी.के. द्विवेदी ने बताया कि बकाया सम्पत्ति कर की वसूली के लिए आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने शहर के सभी भवन व सम्पत्ति स्वामियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अपना बकाया कर समय रहते जमा कर दें। नगर निगम की इस कार्रवाई को राजस्व बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply