नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर कार चढ़ाने की कोशिश
जयपुर, 26 जनवरी । मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा करने पर कार सवार युवक ने पुलिस जाब्ते पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को डिटेन किया है।
पुलिस के अनुसार मुहाना के खातीपुरा बाढ़ निवासी हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे कांस्टेबल नंद किशोर और विजेन्द्र कुमार के साथ रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक इंडिया गेट के पास टोंक रोड पर नाकाबंदी ड्यूटी पर तैनात थे।
रात करीब 11.45 बजे एक कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद कार रुकवाई गई। इसके बाद आरोपी कार में खुद को लॉक कर मोबाइल पर बात करने लगा।
कुछ ही देर में बाइक से उसके दो-तीन साथी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कार चालक बाहर आया और कांस्टेबल नंद किशोर का गिरेबान पकड़ लिया। बीच-बचाव करने पर अन्य युवक भी आ गए और सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए खुद को इंडिया गेट क्षेत्र के शराब ठेकेदार बताकर धमकाया।
मारपीट देखकर जुटे राहगीरों की मदद से चार युवकों को पकड़ लिया गया। थाने ले जाते समय एक युवक रेलिंग कूदकर भागने का प्रयास करते हुए घायल हो गया। पकड़े गए चारों युवक शराब के नशे में थे, जिन्होंने अपने नाम सुमेर चौधरी, कृष्ण कुमार, हनुमान और भागीरथ बताए। पुलिस ने नाकाबंदी में बाधा और पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।