नए वर्ष के पहले दिन नक्सल प्रभावित गोगुंडा पहुंची प्रशासनिक टीम, कलेक्टर ने दिए निर्देश
सुकमा, 01 जनवरी । जिले में नए वर्ष के पहले ही दिन सुकमा जिला प्रशासन की टीम धुर नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्र के ग्राम गोगुंडा में पहुंची। कलेक्टर और एसपी दल बल के साथ गोगुंडा पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुबह साढ़े 7 बजे कलेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में कलेक्टर-एसपी की संयुक्त टीम घने जंगल, कठिन रास्तों और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को पार कर गोगुंडा पंहुची। कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद थे। ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी राहत की घोषणा यह रही कि अब गोगुंडा में ही राशन का भंडारण और वितरण किया जाएगा। इसके लिए पीडीएस भवन की स्वीकृति भी दे दी गई है। नए वर्ष से ही गांव में राशन वितरण शुरू होगा, जिससे ग्रामीणों को अब बड़ेसेट्टी तक की कठिन यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही ई-केवाईसी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
इस दाैरान कलेक्टर ने पेयजल, सड़क, बिजली और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुलेर से गोगुंडा मार्ग को चिन्हांकित कर शीघ्र सुधार कार्य सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए, ताकि आवागमन आसान हो और प्रशासनिक सेवाएं निर्बाध रूप से गांव तक पहुंच सकें। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका के अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित जांच, स्वास्थ्य शिविर और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर ने आईडी ब्लास्ट से प्रभावित पीड़ित से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी और उन्हें कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। यह कदम प्रशासन की मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है। गोगुंडा में स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, आवास स्वीकृतियां और मोहल्ला-पारा संपर्क मार्ग जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई। पशुपालकों को सशक्त बनाने के लिए पशु शेड प्रकरण तैयार कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर अमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोगुंडा क्षेत्र में शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और संवेदनशील दृष्टिकोण से कार्य करने पर बल दिया गया। इस अवसर पर जिला सीईओ मुकुंद ठाकुर, डीएफओ अक्षय भोंसले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।