News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

सुलतानपुर के जंगल में मिला तीन दिन से गायब अधेड़ का शव

सुलतानपुर, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित छीतेपट्टी गांव के पास मंगलवार को जंगल में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान वाराणसी जिले के नेवादा, ग्राम सभा सुंदरपुर निवासी सर्वजीत प्रसाद (58) के रूप में हुई है। लगभग डेढ़ महीने से वह छीतेपट्टी गांव में अपनी ननिहाल जगत नारायण अग्रहरि के यहां रह रहे थे। सर्वजीत प्रसाद मानसिक रूप से परेशान रहते थे और पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जंगल में उनका शव मिलने की सूचना मिली।

जब शव मिला, उस समय मृतक के गले में लाल रंग का गमछा लटका हुआ था। इससे लोगों को यह अंदेशा हुआ कि उन्होंने फांसी लगाने की कोशिश की होगी। हालांकि, शव जमीन पर पड़ा मिला, जिससे मौत का कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार सिंह, सिपाही मोहित और सिपाही पंकज मौके पर पहुंचे। दोस्तपुर के क्राइम इंस्पेक्टर राम उग्रह कुशवाहा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति का पता लग सकेगा।

Leave a Reply