News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बलरामपुर : छात्रों को मिला विज्ञान की दुनिया से रूबरू होने का मौका, भुवनेश्वर रवाना हुआ शैक्षणिक दल

प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘आउट ऑफ स्टेट एक्सपोजर विजिट’ आयोजित की गई है। इस शैक्षणिक भ्रमण में कुल 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनके साथ 2 शिक्षक भी शामिल हैं।

प्रारंभिक स्तर से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामानुजगंज, कुसमी और राजपुर से कुल 6 विद्यार्थियों को चुना गया है। वहीं माध्यमिक स्तर से शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय बरतीकला और दलधोवा के 4 विद्यार्थी इस दल का हिस्सा हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों का यह दल ओडिशा के क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ, जहां वे विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, प्रयोग, प्रदर्शनी और तकनीकी नवाचारों को नजदीक से देखेंगे। इससे उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा और उनकी तार्किक क्षमता व आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दल को रवाना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि यह अनुभव उनके शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply