पानीपत में अवैध हथियार व कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने शनिवार काे बताया कि उनकी टीम शुक्रवार रात को गश्त के दौरान औद्योगिक सेक्टर 29 में थी। तभी टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक चौटाला रोड की और से सेक्टर 29 की तरफ आ रहे है। युवकों के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम सड़क पर पेड की ऑड लेकर खड़ी हो गई। कुछ देर पश्चात टीम को चौटाला रोड की और से दो युवक पैदल आते हुए दिखाई दिए। पास आने पर पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान सोमबीर व अभिषेक के रूप में बताई। तलाशी लेने पर अभिषेक की जींस की जेब से एक देसी पिस्तौल, जिसको खोलकर जांच करने पर अनलोड मिला व सोमबीर की जींस की जेब से दो जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह दोनों दोस्त है। आरोपी अभिषेक ने पूछताछ में पुलिस को बताया गांव में उसकी रंजिश चल रही है। उसने करीब 1 साल पहले मतलौडा अनाज मंडी में मिले अमित नाम के एक युवक से उक्त देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस छह हजार रूपए में खरीदे थे। शुक्रवार को वह और उसका साथी आरोपी सोमबीर देसी पिस्तौल व कारतूस को साथ लेकर चौटाल रोड से सेक्टर 29 की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।