नाथद्वारा में नाबालिग पुत्री की हत्या का आरोपी पिता 24 घंटे में गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर को थाना खमनोर को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि नेडच गांव की मेघवाल बस्ती में एक किशोरी की हत्या कर दी गई है। सूचना पर थानाधिकारी खमनोर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक मकान के भीतर किशोरी का शव खून से सना मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया। मृतका की पहचान यशोदा मेघवाल (14) पुत्री नारायणलाल मेघवाल के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृताधिकारी नाथद्वारा मौके पर पहुंचे। एफएसएल उदयपुर और एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी खमनोर की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतका के मामा दिनेशलाल मेघवाल की रिपोर्ट पर थाना खमनोर में प्रकरण संख्या 244/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और आसूचना सहयोग से टीम ने आरोपी पिता नारायणलाल उर्फ नारू (38) को वारदात के बाद फरार होने पर उदयपुर के टीढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में मारपीट और रास्ता रोकने के आरोप में प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।