News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

सांसद प्रतिनिधि के आचरण पर विधायक ने की प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पलामू, 31 दिसंबर । जिले के पांकी प्रखंड के शहीद भगत सिंह चौक पर रविवार को सांसद प्रतिनिधि प्रिंस सिंह की स्‍थानीय लोगों को धमकी देने और गाली गलौज करने के मामले की जानकारी मिलने पर विधायक कुशवाहा डॉ शशि भूषण मेहता ने बुधवार को मिथिलेश पांडे के घर पहुंचे। उन्‍होंने मौके पर मामले की जानकारी ली और इस संबंध में प्रशासन से कारवाई की मांग की। इस दौरान दूरभाष के माध्यम से मामले को चतरा सांसद कालीचरण सिंह को अवगत कराया गया। विधायक ने सांसद से उनके प्रतिनिधि को हटाने की मांग की। इसके अलावा उन्‍हाेंने एसपी रीष्मा रमेशन से भी बात कर कार्रवाई का आग्रह किया।

उल्‍लेखनीय है कि पांकी के शहीद भगत सिंह चौक पर रविवार शाम को कथित रूप से धमकी देने और हथियार दिखाने का मामला सामने आया था। स्थानीय व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश पांडे ने आरोप लगाया था कि प्रिंस सिंह की ओर से उन्हें और एक अन्य व्यवसायी को धमकी दी गई एवं हथियार दिखाकर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।

मिथिलेश ने शहीद भगत सिंह चौक पर लोगों के साथ एकत्र होकर कहा कि यदि सार्वजनिक रूप से सांसद प्रतिनिधि ने माफी नहीं मांगी तो वे पांकी बंद और चक्का जाम करने जैसे कदम उठाने को वि‍वश होंगे। उन्‍होंने मामले को लेकर थाने में भी आवेदन दिया।

इधर, सांसद प्रतिनिधि प्रिंस सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्‍होंने कहा कि वे अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार रखते हैं, लेकिन न तो किसी को धमकाया गया और न ही दिखाया गया है। उन्‍होंने इन आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र और बदनाम करने की कोशिश बताया।

Leave a Reply