53 हजार राशनकार्डधारी सदस्यों का ई-केवाईसी अब भी शेष
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीनों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। राशनकार्डधारी किसी भी कार्यदिवस में अपनी उचित मूल्य दुकान में उपस्थित होकर शेष सदस्यों का ई-केवाईसी आसानी से करा सकते हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो आगामी महीनों में राशन प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि राज्य शासन की खाद्य वितरण योजना के अंतर्गत जिले के हितग्राहियों को एपीएल, बीपीएल एवं अंत्योदय राशनकार्ड के माध्यम से प्रतिमाह रियायती दर पर चावल, शक्कर, मिट्टी तेल सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। यह वितरण सहकारी समितियों और शासकीय उचित मूल्य दुकानों के जरिए किया जाता है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ई-केवाईसी से फर्जी और अपात्र नामों की पहचान, लाभार्थियों का सही सत्यापन तथा राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। विभाग ने सभी राशनकार्डधारियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के शेष सदस्यों का ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराकर शासन की योजनाओं का निर्बाध लाभ उठाएं।