बलरामपुर : छत्तीसगढ़ बंद का सरगुजा में असर, बाजारों में दिखी सुस्ती
सर्व समाज के आह्वान पर बुधवार सुबह से ही सरगुजा के शहरी इलाकों में बंद का असर दिखा। पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग दुकानों को बंद कराने के लिए सक्रिय रहे। बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स का भी समर्थन मिला, जिससे मुख्य मार्गों पर अधिकांश दुकानें बंद रहीं। हिंदुवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सर्व समाज के बैनर तले रैली निकाली और व्यापारिक क्षेत्रों में बंद का आग्रह किया। अंबिकापुर के देवीगंज रोड, सदर रोड, ब्रम्हरोड और स्कूल रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर सुबह दुकानें खुलने से पहले ही बंद का माहौल बन गया।
दोपहर तक बंद को सफल बनाने के लिए टीमें सक्रिय रहीं। कुछ दुकानदारों ने दोपहर में शटर उठाने की कोशिश की, लेकिन टीमों के पहुंचने पर फिर से दुकानें बंद कर दी गईं। हालांकि यह प्रभाव मुख्य सड़कों तक सीमित रहा; मोहल्लों और आंतरिक मार्गों पर कई दुकानें खुली रहीं। बंद के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
व्यापार पर असर
क्रिसमस से ठीक पहले बंद के कारण व्यापारियों में मायूसी देखी गई। अंबिकापुर में साप्ताहिक अवकाश मंगलवार को होने से अधिकांश दुकानें पहले ही बंद थीं। ऐसे में बुधवार को खरीदारी की उम्मीद थी, लेकिन बंद के चलते बाजारों में रौनक नहीं दिखी। व्यापारियों ने बताया कि क्रिसमस के लिए पर्याप्त स्टॉक तैयार किया गया था और सोमवार को अच्छी खरीदारी भी हुई, मगर बुधवार को अपेक्षित कारोबार नहीं हो सका।