बलरामपुर : धान खरीद में सख्ती, जांच के दौरान 45 बोरी अवैध धान जब्त
जिले में चल रही धान खरीद व्यवस्था की निगरानी कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवेंद्र प्रधान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विकासखंड राजपुर के धंधापुर धान खरीदी केंद्र में जांच की। जांच के दौरान किसान मोहर लाल जायसवाल द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की पड़ताल की गई, जिसमें 45 बोरी धान नियमानुसार नहीं पाया गया। इसके बाद तहसीलदार नरेंद्र कंवर एवं संयुक्त टीम ने नियमों के तहत उक्त अवैध धान को जब्त कर लिया।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल वैध और निर्धारित मानकों के अनुरूप धान ही उपार्जन केंद्रों पर लाएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चल सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीद में किसी भी तरह की गड़बड़ी, मिलावट या पुराने धान को खपाने के प्रयास पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।