News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

भीमताल में दो स्मैक आपूर्तिकर्ता तस्कर गिरफ्तार

बताया गया है कि तस्कर मोटरसाइकिल के पैट्रोल टैंक के पास एक विशेष शील्ड में छुपाकर स्मैक ला रहे थे और इसे भीमताल व ग्राफिक इरा पर्वतीय विश्वविद्यालय क्षेत्र में नशा करने वाले युवाओं और छात्रों को ऊँचे दाम पर बेचने जा रहे थे।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमताल के थानाध्यक्ष संजीत राठौड़ के नेतृत्व में भीमताल पुलिस सलड़ी चौकी क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या यूके04एएफ-4616 को रोककर तलाशी ली गई तो मोटरसाइकिल के पैट्रोल टैंक के पास लगी शील्ड में छिपाकर लाई जा रही 11.18 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार किये भीमताल के कुंआताल बाईपास रोड निवासी अर्जुन कुमार आर्या उर्फ पोर्लाड निवासी और ठंडी सड़क पर पशु चिकित्सालय के पास रहने वाले जितेन्द्र कनौजिया ने बताया कि वे वह यह स्मैक किच्छा क्षेत्र में रहने वाले मुस्ताक से कम कीमत पर खरीदते थे और इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर भीमताल तथा ग्राफिक एरा क्षेत्र में नशा करने वाले युवाओं और छात्रों को ऊँचे दाम पर बेचने जा रहे थे।

गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध थाना भीमताल में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है और मोटरसाइकिल को सीज कर लिया गया है। पुलिस मामले में मुस्ताक की संलिप्तता तथा दोनों आरोपितों द्वारा किन-किन लोगों को स्मैक सप्लाई की जाती थी, इसकी जांच कर रही है।

भीमताल पुलिस के अनुसार पकड़े गये आरोपित अर्जुन कुमार आर्या के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस अधिनियम का एक अभियोग दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजीत राठौड़, उप निरीक्षक महेन्द्र राज सिंह तथा आरक्षी नरेंद्र राणा, रविशंकर पाठक, ललित आगरी, विरेंद्र गोले और मनोज पंत शामिल रहे।

Leave a Reply